मेरे छात्र, मेरा गर्व: यादों और उपलब्धियों की कहानी
प्रिय बच्चों, आप सभी के साथ बिताया गया हर एक पल हमारे लिए एक अनमोल अनुभव रहा है। इन वर्षों में हमने न केवल आपको पढ़ाया, बल्कि आपसे भी बहुत कुछ सीखा। आपकी मुस्कान, आपकी शरारतें, आपकी जिज्ञासा और आपकी मेहनत – ये सब यादें हमेशा हमारे दिल में जीवित रहेंगी।
मैं विशेष रूप से आशुतोष का उल्लेख करना चाहूँगा, जिसने अपनी मेहनत और ज्ञान के बल पर निबंध प्रतियोगिता से लेकर गणित ओलंपियाड में विद्यालय का नाम राज्य स्तर तक पहुँचाया। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है।
इसी तरह हमारे बीच कई प्रतिभाशाली बच्चे हैं, जो आगे चलकर जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में अपना, अपने माता-पिता और अपने गुरुओं का नाम रोशन करेंगे।
कुछ बच्चे ऐसे होते हैं जिन्हें हम कभी भूल नहीं सकते। अगर मैं प्रिया, पम्मी और निधि का नाम न लूँ, तो यह बिल्कुल गलत होगा। ये बेटियां न केवल पढ़ाई में उत्कृष्ट हैं, बल्कि कला, संस्कृति और तकनीक—विशेष रूप से कंप्यूटर—में भी इनकी गहरी समझ है।
इनके अंदर सीखने की अद्भुत लगन है। पढ़ाई के साथ-साथ विद्यालय के कार्यों में इन्होंने हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर मेरा साथ दिया। अभी हाल ही में इन तीनों ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी बच्चों के अंक कंप्यूटर में दर्ज किए। जो कार्य मुझे अकेले करने में 4-5 दिन लगते, उसे इन्होंने मात्र 2 दिनों में पूरा कर दिया।
सच कहूँ तो, मुझे हमेशा ऐसा महसूस हुआ कि अगर मैं घर पर एक “अविशा”( मेरी बेटी ) को छोड़कर आता हूँ, तो यहाँ विद्यालय में मेरी तीन “अविशा” मेरा इंतजार कर रही होती हैं।
जब इनका मेधा परीक्षा हुआ और परीक्षा देकर ये वापस आईं, तो सबसे पहले इन्होंने मुझे text कर बताया कि उनका पेपर बहुत अच्छा गया। उस समय मुझे ऐसा लगा जैसे मेरी अपनी बेटी भविष्य में इसी तरह अपने अनुभव मेरे साथ साझा करेगी।
कक्षा 8 के सभी बच्चे—चाहे वो सोनू, अमरजीत या सत्यम हों—सभी बहुत अच्छे हैं। लड़के थोड़े कम अभिव्यक्त करते हैं, जल्दी अपनी बातें साझा नहीं करते, लेकिन उनका प्यार और सम्मान अपने शिक्षकों के लिए उतना ही गहरा होता है जितना हमारा उनके लिए।
प्रिय बच्चों, आज आप इस विद्यालय से विदा ले रहे हैं, लेकिन यह विदाई अंत नहीं, बल्कि आपके उज्ज्वल भविष्य की एक नई शुरुआत है। मेरी आप सभी के लिए यही शुभकामना है कि आप जीवन में हमेशा नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ें, एक अच्छे इंसान बनें और सफलता की ऊँचाइयों को छुएँ।
आप सभी को उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेर सारी शुभकामनाएँ।


Comments
Post a Comment